फब्तियां कसने के बाद भाग रहे हरियाणा के दो बाॅक्सरों का 26 वर्षीय मुंबई में एक माॅडल ने दौड़ कर पीछा किया और उनमें से एक को गिरफ्तार करवा दिया। यह घटना गत बृहस्पतिवार रात की है।
धर्मग्रंथ के अपमान को लेकर अशांत पंजाब के पुलिस महानिदेशक सुमेध सिंह सैनी का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह सुरेश अरोडा को पंजाब का नया डीजीपी बनाया गया है।
कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शनपुरवा में आज एक धार्मिक पोस्टर का कथित तौर पर अपमान करने को लेकर दो संप्रदायों के बीच तनाव फैल गया और एक पक्ष ने दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार भीड़ में से किसी ने पुलिस पर गोली भी चलाई हालांकि इससे किसी नुकसान की खबर नहीं है।
अपने बयानों से अक्सर विवादों में रहने वाले बाॅलीवुड के गायक अभिजीत भट्टाचार्य के खिलाफ मुंबई में एक महिला ने दुर्व्यवहार और छेड़खानी का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि यह कथित घटना कल रात मुंबई के अंधेरी उपनगर स्थित लोखंडवाला में दुर्गा पूजा समारोह के दौरान हुई। अभिजीत समारोह में आयोजक के तौर पर उपस्थित थे।
दिल्ली से सटे फरीदाबाद जिले के एक गांव में दलित परिवार के चार लोगों को कथित तौर पर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। दबंगों ने आज तड़के एक दलित परिवार के घर को आग लगा दी जिससे दो बच्चों की जलकर मौत हो गई और उनके माता-पिता गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
राष्ट्र ध्वज का कथित तौर पर अपमान करने के मामले में पाधारी पुलिस थाने में एक एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद पटेल आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल को आज राजकोट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह पहले से ही पुलिस की हिरासत में थे।
उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र पुलिस कानून में 2014 में किए गए संशोधन के कार्यान्वयन पर आज रोक लगा दी। इस संशोधन के तहत बार और कुछ अन्य स्थलों पर डांस कार्यक्रमों के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जुझारू पारी (86 गेंद पर 92 रन) की बदौलत भारत ने बमुश्किल नौ विकेट पर 247 रन बनाए। लक्ष्य आसान नहीं तो मुश्किल भी नहीं था लेकिन भारतीय गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका की टीम 225 रन पर ही सिमट गई। इंदौर की जीत के साथ ही भारत की हार के दौर पर विराम लग गया है।