उत्तर प्रदेश में चुनाव में अभी देरी है पर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच घमासान शुरू हो गया है। राज्य का राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। कांग्रेस ने अपने सारे पत्ते खोल दिए हैं। कांग्रेस को प्रियंका गांधी से काफी उम्मीद है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी पूरा जोर लगानेे की तैयारी में है।
गुजरात के ऊना में दलितों की पिटाई के मुद्देे पर पूरे देश में चर्चा हो रही है। इस संवेदनशील मसले पर भाजपा का रुख एकदम अलग है। तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने दलितों की पिटाई को सही ठहराया है। राजा सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट वीडियो में कहा कि ऊना में दलितों की पिटाई ठीक की गई। उन्होंने कहा कि जब तक गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा न दिला दें, वह खामोश नहीं बैठेंगे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश के 6 पूर्व मुख्यमंत्रियों को 2 महीने में सरकारी बंगला खाली करना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार के उस आदेश को सिरे से ख़ारिज कर दिया है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्रियों को जीवन भर मुफ्त सरकारी आवास देने की व्यवस्था की गई थी।
असम और बिहार में आई बाढ़ में अभी तक 53 लोगों की मौत हो चुकी है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह बाढ़ का जायजा लेने के लिए शनिवार को असम दौरे पर रहे। दोनों राज्यों में बाढ़ ने काफी नुकसान पहुंचाया है। अकेले बिहार में बाढ़ से अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है और 25 लाख प्रभावित हुए हैं।
सऊदी अरब के जेद्दा शहर में पिछले तीन दिनों से भूख-प्यास से बेहाल करीब 800 भारतीय कामगार फंसे हुए हैं। नौकरी गंवाने के बाद इस हाल में फंसे भारतीयों की जानकारी मिलने पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।
भोपाल के बिल्डरों ने अपने मकान बेचने के लिए अजीब कारनामा कर डाला। विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश की नगरीय प्रशासन मंत्री माया सिंह और भोपाल के महापौर का फोटो छापकर ये बताने की कोशिश की है कि ये मकान सरकार और बिल्डर मिलकर बेच रहे हैं।