उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हिंदू युवा वाहिनी द्वारा कथित रूप से लगाए गए बैनरों में लिखा है कि प्रदेश में रहना है तो योगी योगी कहना है। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पाकिस्तान के पूर्व सैन्य प्रमुख जनरल राहील शरीफ को सऊदी नेतृत्व वाले 41 मुस्लिम देशों के सैन्य गठबंधन का प्रमुख नियुक्त किए जाने के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने अपनी पार्टी के नेताओं से कहा है कि वे शरीफ के खिलाफ कोई भी विवादित बयान न दें।
त्रिपुरा में बजट सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा। राज्यपाल तथागत रॉय ने सत्तारूढ़ वाम मोर्चा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार की ओर ओर से तैयार अपने भाषण के विवादित हिस्से को नहीं पढ़ा। इसमें केंद्र की नीतियों की कड़ी आलोचना की गई थी। विपक्षी तृणमूल कांग्रेस ने इस पर सदन में हंगामा किया।
हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा है कि नरेंद्र मोदी खादी के लिए महात्मा गांधी से बड़े ब्रांड हैं। अनिल विज का ये बयान उस वक्त आया है जब खादी ग्रामोद्योग के कैलेंडर में से गांधी जी की तस्वीर नदारद है और उनकी जगह पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर कैलेंडर में चस्पा है। तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी चरखा चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी (एआईएमआईएम) उत्तर प्रदेश के शामली जिले में कैराना से शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू करेगी।
अंडमान के हैवलाक द़वीप में भारी बारिश और तूफान के चलते करीब 800 पर्यटक फंस गए हैं। उन्हें निकालने के लिए बुधवार को नौसेना के चार पोतों को लगाया गया है। मंगलवार रातभर हुई बारिश ने द्वीप में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और अंडमान के उत्तरी और मध्य हिस्से में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इन पर्यटकों को बचाने के लिए भारतीय नौ सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।
विवादित इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक के प्रतिबंधित संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों के भविष्य पर महाराष्ट्र सरकार विधि एवं न्यापालिका विभाग से विचार-विमर्श करेगी।
भारत सरकार ने देश की आजादी के लिए लड़ने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की मासिक पेंशन में करीब पांच हजार रूपये की वृद्धि की घोषणा की है। इस दायरे में अंडमान द्वीप में बनी सेल्युलर जेल में उस काल में कैद किए गए और ब्रिटिश शासन वाले भारत की सीमा से बाहर रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी भी शामिल हैं।
उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने 17वें गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए वेनेजुएला पहुंच गए हैं। अंसारी विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर वहां के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो से मुलाकात कर विस्तृत बातचीत की।