देश की 101 नदियों को परिवहन के लिये इस्तेमाल करने के प्रावधान वाले अंतरराज्यीय जलमार्ग विधेयक को 20 अप्रैल को संसद में पेश किया जायेगा। इससे जलमार्ग के जरिए व्यापार और सुलभ हो जाएगा।
यमन में शिया विद्रोहियों और सरकारी तथा पड़ोसी देशों की सेनाओं के बीच जबरदस्त संघर्ष के बीच वहां फंसे भारतीयों में से 349 अदन से नौसेना के एक पोत से मंगलवार देर रात जिबूती पंहुच गए। यमन के पड़ोसी देश जिबूती से उन्हें जल्द ही विमानों से मुंबई लाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की पांच हजार साल पुरानी शानदार समुद्री विरासत से दुनिया का परिचय कराने के लिए एक विश्व स्तरीय समुद्री संग्रहालय बनाने को कहा।
हिंद महासागर के किनारे बसे समुद्री देशों की संस्कृति, सभ्यता और व्यापार को मजबूत करने के लिए बीस देशों के प्रतिनिधियों ने आह्वान किया है कि एकजुट होकर काम करें तो सबका विकास होगा। भुवनेश्वर में पहली बार हिंद महासागर के तटीय देशों के बीच व्यापार सुगमता सुलभ करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वक्ताओं ने अतीत के अनुभवों से भविष्य को संवारने पर बल दिया।
श्रीलंका की पिछली महिंदा राजपक्षे सरकार के समय कोलंबो बंदरगाह के निर्माण में मदद करने वाले चीन द्वारा उस बंदरगाह पर बार-बार अपनी पनडुब्बियां भेजने से विवाद बढ़ता जा रहा है। श्रीलंका के नए राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना की सरकार ने चीन के इस कदम का कड़ा विरोध किया है जबकि चीन ने कहा है कि उसकी पनडुब्बियां वहां सिर्फ ईधन भरने के लिए रुकी थीं।