मालदीव के राष्ट्रपति की मोटरबोट में पिछले महीने हुए विस्फोट में संलिप्तता के आरोप में मालदीव पुलिस ने उपराष्ट्रपति अहमद अदीब को आज गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता इस्माईल अली ने कहा कि अदीब को हवाई अड्डे से तब गिरफ्तार किया गया जब वह चीन की राजकीय यात्रा से लौट रहे थे।
एक विशेष सीबीआई अदालत ने राजधानी एक्सप्रेस और अन्य सुपरफास्ट प्रीमियम ट्रेनों में बोतलबंद पेयजल की आपूर्ति में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को आज 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
राष्ट्र ध्वज का कथित तौर पर अपमान करने के मामले में पाधारी पुलिस थाने में एक एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद पटेल आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल को आज राजकोट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह पहले से ही पुलिस की हिरासत में थे।
उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र में आज गोहत्या की आशंका से भड़की भीड़ ने पुलिस पर पथराव तथा आगजनी की। इस मामले में कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने चितौड़गढ की बंद खानों को पुनः शुरू करने की एवज में कथित रूप से रिश्वत लेने के मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं राजस्थान के खनन विभाग के प्रमुख सचिव अशोक सिंघवी और खान विभाग में अतिरिक्त निदेशक, अधीक्षण अभियंता समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
कश्मीर घाटी में पहली बार आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन आज हुड़दंग की भेंट चढ़ गई। मैराथन में भाग लेने आई महिला धावकों के साथ छेड़छाड़ और बदतमीजी के बाद स्थानीय युवकों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। इस दौरान भारत विरोधी नारेबाजी और पथराव के चलते पूरे आयोजन में व्यवधान पैदा हो गया।
मूडीज इन्वेस्टर सर्विस ने मंगलवार को कहा कि कच्चे तेल की कीमत में गिरावट की मदद से भारत के चालू खाते का घाटा (कैड) निम्न स्तर पर बना रहेगा लेकिन औद्योगिक उत्पादन और निवेश की वृद्धि दर में सुधार की गति धीमी होने के कारण चालू वित्त के दौरान आर्थिक वृद्धि दर सात प्रतिशत तक सीमित रहेगी।