महाराष्ट्र सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाने वाले किसानों के आंदोलन का असर आज दूसरे दिन भी बरकरार है। कर्ज माफी की मांग को लेकर किसान गुरुवार से हड़ताल पर हैं। राज्य में किसान आंदोलन में जारी हिंसा को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है। किसानों ने बुलडाणा में दूध से होली भी खेली।
उत्तर प्रदेश की नियुक्ति कार्मिक विभाग ने पिछले दिनों एक मृत पीसीएस अफसर का तबादला कर दिया। विभाग ने न सिर्फ उसका तबादला ही किया बल्कि प्रोन्नति करते हुए उसे बुलंदशहर का सिटी मजिस्ट्रेट भी बना दिया। राज्य के कार्मिक विभाग की कार्यशैली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह किस कदर अपने कार्यों को अंजाम दे रही है।
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में आज भारतीय दूतावास के पास विस्फोट हुआ, जिसमें 80 लोगों की मौत हो गई जबकि 360 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। धमाका इतना तेज था कि भारतीय दूतावास की खिड़कियों के शीशे टूट गए। हालांकि भारतीय दूतावास के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।
बीजिंग में आज से शुरू हो रहे ‘बेल्ट एंड रोड फोरम’ (बीआरएफ) का भारत बहिष्कार करेगा। भारत की ओर से एक अधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारत ऐसी परियोजना को स्वीकार नहीं कर सकता जो संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करता हो।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने आज उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। आयोग ने यह नोटिस इटावा जिले के अस्पताल से एंबुलेंस न मिलने पर अपने किशोर बेटे का शव कंधे पर ले जाने को मजबूर हुए एक मजदूर का मामला सामने आने पर दिया है।
पाक सुरक्षा बलों द्वारा भारतीय सैनिकों के शवों के साथ की गई बर्बरता पर पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने मांग की है कि सेना को पाकिस्तान पर कार्रवाई के लिए खुली छूट दी जाए।
पुणे जिले के इंदापुर में नाव पलटने से चार डॉक्टरों की मौत हो गई है। जिस दौरान यह हादसा हुआ उस समय नाव में 10 डॉक्टर मौजूद थे। स्थानीय नागरिकों और मछुआरों की मदद से अभी तक सिर्फ एक डॉक्टर का शव निकाला जा सका है। अन्य तीन की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है।