उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र में आज गोहत्या की आशंका से भड़की भीड़ ने पुलिस पर पथराव तथा आगजनी की। इस मामले में कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने चितौड़गढ की बंद खानों को पुनः शुरू करने की एवज में कथित रूप से रिश्वत लेने के मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं राजस्थान के खनन विभाग के प्रमुख सचिव अशोक सिंघवी और खान विभाग में अतिरिक्त निदेशक, अधीक्षण अभियंता समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
कश्मीर घाटी में पहली बार आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन आज हुड़दंग की भेंट चढ़ गई। मैराथन में भाग लेने आई महिला धावकों के साथ छेड़छाड़ और बदतमीजी के बाद स्थानीय युवकों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। इस दौरान भारत विरोधी नारेबाजी और पथराव के चलते पूरे आयोजन में व्यवधान पैदा हो गया।
खबर है कि मीडिया दिग्गज पीटर मुखर्जी की पत्नी इंद्राणी मुखर्जी को जिस शीना बोरा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है वह इंद्राणी की बहन नहीं बल्कि बेटी थी।
भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के निदेशक प्रशांत पाथराबे का घेराव करने वाले पांच छात्राें को पुलिस ने मंगलवार आधी रात को गिरफ्तार कर लिया है। इन छात्रों पर दंंगा फैलाने का आरोप लगाया गया है। उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एफटीआईआई के छात्रों को दिल्ली आकर पढ़ने का ऑफर दिया है। दिल्ली सरकार इसके लिए अस्थायी जगह मुहैया करा सकती है।
जंतर-मंतर पर किसानों की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे स्वराज अभियान के नेता योगेंद्र यादव को पुलिस ने कल देर रात हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। उन पर शांति भंग करने की धाराएं लगाई गई हैं। यादव ने पुलिस पर मारपीट और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है।
मद्रास उच्च न्यायालय ने कथित अवैध टेलीफोन एक्सचेंज मामले में पूर्व दूरसंचार मंत्री दयानिधि मारन की अंतरिम अग्रिम जमानत रद्द की। न्यायमूर्ति एस वैद्यनाथन ने मारन को तीन दिन के अंदर सीबीआई के समक्ष आत्मसमर्पण करने को कहा।
मुंबई पुलिस ने 13 दंपतियों और 35 अन्य को यहां होटलों और समुद्र तट पर छापेमारी करके गिरफ्तार किया है। उन पर सार्वजनिक रूप से कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप है। पुलिस की इस कार्रवाई ने सोशल मीडिया में तूफान खड़ा कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि क्या आपसी रजामंदी से दो वयस्क साथ नहीं रह सकते हैं।