कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि पीएम की चुप्पी असहिष्णुता को बढ़ावा दे रही है। देश में बढ़ रही सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं का जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा कि पार्टी ऐसी शक्तियों से पूरी ताकत के साथ मुकाबला करेगी। उन्होने कहा कि जो कुछ भी घटित हो रहा है वह सचमुच में हर भारतीय के लिए गहरी चिंता का विषय होना चाहिए।
बिहार में चुनावी परिणाम चाहे जो रहे, सरकार चाहे नीतीश कुमार की बने या नरेंद्र मोदी की, इन चुनावों के प्रचार ने राष्ट्रीय राजनीति के कई बंद दरवाजों को खोला है। कई ऐसे समीकरण आए, जिनके बारे में कुछ सालों पहले तक सोचा भी नहीं जा सकता था। नीतीश और लालू का साथ आना, अति पिछड़ा वर्ग का निर्णायक स्थिति में पहुंचना, तमाम वाम दलों का मिलकर चनाव लड़ना और पहली बार देश के प्रधानमंत्री का किसी राज्य के चुनाव के लिए रिकॉर्ड सभाएं करना। इन तमाम पहलुओं पर बिहार की जनता ने पैनी निगाह रखी और हर पहलू पर जमकर चर्चा हुई। ये बहसें सिर्फ बिहार की धरती तक ही सीमित नहीं रहीं, जहां भी बिहारी हैं, वहां बिहार के राजनीतिक भविष्य पर चिंता हावी रही।
पुलिस प्रशिक्षण के एक प्रमुख अधिकारी ने अमेरिकी संघीय जूरी को बताया कि इस साल शुरू में अमेरिका के एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने एक भारतीय बुजुर्ग व्यक्ति के खिलाफ बेहद हिंसक तरीके अपनाए थे, जिससे वह आंशिक तौर पर लकवाग्रस्त हो गया था।
पूर्व नेवी चीफ एडमिरल एल. रामदास ने देश में दलितों और अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अौर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को खुला खत लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और इससे जुड़े संगठन हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए सुनियोजित अभियान चला रहे हैं। रामदास ने मौजूदा माहौल के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
धर्मग्रंथ के अपमान को लेकर अशांत पंजाब के पुलिस महानिदेशक सुमेध सिंह सैनी का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह सुरेश अरोडा को पंजाब का नया डीजीपी बनाया गया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्राी मनोहर लाल खट्टर ने सोनीपत में 15 साल के दलित लड़के की मौत को आत्महत्या करार दिया है। खट्टर ने इन आरोपों को भी खारिज किया कि इस लड़के की मौत पुलिस हिरासत में मौत हुई। उन्होंने मुआवजा के अतिरिक्त उसके परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का ऐलान भी किया है।
मध्य प्रदेश के खरगौन जिले में विजयदशमी के अवसर पर दो गुटों में जमकर हुए संघर्ष के बाद प्रशासन ने अनिश्चित कालीन कर्फ्यू लगा दिया। इस पूरे मामले में प्रशासन की लापरवाही सामने नजर आयी है। पथराव में दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने हिंसा फैलाने के आरोप में 50 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मोदी सरकार के मंत्रियों के विवादित बोल सरकार की किरकिरी कराने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रीजीजू के उत्तर भारतीयों के बारे में विवादित बयान के बाद अब केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने फरीदाबाद में दो बच्चों को जिंदा जलाने की घटना के बारे में बेतुका बयान दिया है। वीके सिंह ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी कुत्ते को पत्थर मारता है तो उसके लिए केंद्र को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
दिल्ली से सटे फरीदाबाद के एक गांव में दबंगों द्वारा दलित परिवार को जिंदा जलाए जाने की घटना के बाद आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने इस घटना के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जमकर निशाना साधा।