केंद्रीय चुनाव आयोग ने आज पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की घोषणा की गई है। चुनाव कार्यक्रम की शुरुआत असम और पश्चिम बंगाल से होगी जबकि समापन केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होगा।
नेपाल में 23 यात्रियों को ले जा रहे एक छोटे विमान के बारे में बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर है जिसमें सवार सभी यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। नेपाल के पर्यटन मंत्री ने बताया कि लापता विमान के टुकड़े नेपाल में ही पाए गए हैं और इसमें सवार सभी यात्री मारे गए हैं।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने एक अहम फैसले में सभी केन्द्रीय विश्वविद्यालय को अपने परिसर में रोजाना तिरंगा फहराने के आदेश दिए हैं। गुरुवार को मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी से साथ हुई केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक में देश की एकता और अखंडता को मजबूत रखने के लिए यह फैसला लिया गया।
केंद्रीय जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की रिहाई के लिए देश भर के छात्र संगठन लामबंद हो गए हैं। आज वामपंथी दलों के छात्र संगठनों के अलावा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई, कांग्रेस का छात्रसंगठन), जदयू, आरजेडी और स्टूडेंट्स फ्रंट फॉर स्वराज जैसे छात्र संगठन एक मंच पर आए। इनके नेताओं ने ऐलान किया कि कन्हैया को बिना शर्त रिहा किया जाए अन्यथा सरकार देशव्यापी छात्र आंदोलन के लिए तैयार रहे।
सियाचिन ग्लेशियर में भूस्खलन के कारण फंसे सभी दस जवान मृत पाए गए हैं। इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताते हुए जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल डी. एस. हुड्डा ने कहा, ‘यह बहुत दुखद घटना है और हम विपरीत परिस्थितियों में अपनी सीमाओं की रक्षा कर रहे अपने बहादुर जवानों को सलाम करते हैं जिन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए अपने जीवन की आहुति दी है।’ इनमें एक जूनियर कमीशन अधिकारी और सेना के 19 मद्रास बटालियन के नौ जवान शामिल थे।
पठानकोट में वायुसेना अड्डे पर हुए आतंकी हमले की मिसाल देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पाकिस्तान से कहा कि वह अपनी सीमा से आतंकी गतिविधियां संचालित करने वाले नेटवर्कों का खात्मा करे।
पठानकोट से तीन अज्ञात लोगों द्वारा किराए पर ली गई टैक्सी का चालक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में मृत मिला है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने आज अलर्ट जारी किया है।
बिहार सरकार ने आज एक अहम फैसले में राज्य की सभी सेवाओं में महिलाओं के 35 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में यह फैसला लिया गया।
रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने आज स्वीकार किया कि कुछ कमियां थीं जिनकी वजह से पठानकोट में वायुसेना अड्डे पर आतंकी हमला हुआ। उन्होंने बताया कि हमला करने वाले सभी छह आतंकवदी मारे गए हैं। इन आतंकवादियों के पास कुछ पाकिस्तान निर्मित उपकरण थे।