भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन के जनरल कोच में आज सुबह हल्का धमाका होने से सात यात्री घायल हो गए। यह घटना भोपाल-उज्जैन रेलखंड के कालापीपल एवं सीहोर रेलवे स्टेशन के बीच हुई।
चीन ने क्षेत्रीय विवादों में बाहरी दखल से रक्षा के लिए प्रतिबद्धता के बीच आज कहा कि वह इस वर्ष अपने रक्षा खर्च को करीब सात प्रतिशत तक बढ़ाएगा। चीनी संसद द नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) की प्रवक्ता फू यिंग ने रक्षा खर्च को बढ़ाए जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि चीन का रक्षा खर्च देश के सकल घरेलू उत्पाद का 1.3 प्रतिशत रहेगा।
भाजपा नेता बिप्लव देब सहित 17 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को आज गिरफ्तार कर बाद में रिहा कर दिया गया। वे लोग त्रिपुरा में सत्तारूढ़ माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा सदस्य की हत्या किए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि पार्टी के कुल 17,331 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
पश्चिम बंगाल में बच्चों की तस्करी के आरोप में भाजपा महिला मोर्चा की शीर्ष नेता जूही चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। चौधरी भाजपा की महिला विंग की महासचिव हैं। जूही चौधरी का नाम तब से सामने आया जब वो यह मामला सार्वजनिक होने के बाद भूमिगत हो गई थी।
नोटबंदी की वजह से आर्थिक गतिविधियों के बुरी तरह प्रभावित होने की आशंकाओं को दरकिनार करते हुए चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 7 प्रतिशत रही है, जबकि पूरे वर्ष की वृद्धि का दूसरा अग्रिम अनुमान भी 7.1 प्रतिशत पर पूर्ववत रहा है। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने इन आंकड़ों पर कहा कि ये आंकड़े पिछले वित्त वर्ष के ऊचे आधार प्रभाव की वजह से हैं और इनमें नोटबंदी का अधिक नकारात्मक प्रभाव नहीं दिख रहा है।
केरल के कन्नूर जिले में 16 साल की नाबालिग लड़की द्वारा एक शिशु को जन्म देने के 16 दिन बाद आज एक चर्च के पादरी को उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पद से हटा दिया गया।
आम आदमी पार्टी के विधायक के भाई सहित दो व्यक्तिों को एक महिला से कहासुनी के बाद उसपर कथित तौर पर हमला करने और जख्मी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मामला दक्षिण- पश्चिम दिल्ली के डाबरी इलाके का है।
आईएसआईएस का जाल अब गुजरात तक फैलता जा रहा है। गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते यानी एटीएस ने राजकोट और भावनगर से दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो आईएस की आंतकी विचारधारा से पूरी तरह प्रभावित होकर अपने हैंडलर्स के कहने पर गुजरात में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार हो चुके थे। यह दोनों सगे भाई हैं।
सेना भर्ती बोर्ड की परीक्षा के पर्चे कथित रूप से लीक हो गए जिसके बाद ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने छापेमारी कर महाराष्ट्र एवं गोवा से 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पर्चा लीक होने के सिलसिले में करीब 250 छात्रों को भी हिरासत में लिया गया। रविवार को पूरे देश में भर्ती परीक्षा होने वाली थी।