राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने आज उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। आयोग ने यह नोटिस इटावा जिले के अस्पताल से एंबुलेंस न मिलने पर अपने किशोर बेटे का शव कंधे पर ले जाने को मजबूर हुए एक मजदूर का मामला सामने आने पर दिया है।
राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद में आज एक कंटेनर डिपो से गैस लीक होने पर भगदड़ मच गई। इसकी चपेट में आने से रानी झांसी सर्वोदय कन्या विद्यालय और गवर्मेंट गर्ल्स स्कूलों की 310 छात्राएं बेहोश हो गईं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जांच में जुटे डीसीपी रोमिल बनिया ने बताया कि यह कंटेनर चीन से आया था।
फिल्म निर्देशक एसएस राजमौली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बाहुबली 2’ कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचा रही है। फ्यूचर जनराली इंश्योरेंस कंपनी ने इस फिल्म का 200 करोड़ रुपये का बीमा किया है।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में जवानों के शवों के साथ हुई बर्बता पर देश की जनता काफी आक्रोशित नजर आ रही है। जवानों के शवों के साथ हुई इस हरकत के बाद गुजरात के रहने वाले एक शख्स ने सड़क पर पाकिस्तानी झंडा बनाकर अपना गुस्सा निकाला है।
गुजरात के सूरत में एक व्यवसायी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान से प्रेरित होकर पाटीदार समुदाय की करीब दस हजार लड़कियों में 200 करोड़ रुपए का बॉन्ड बांटा है।
कर्नाटक सरकार ने आज राज्य के सभी सिनेमाघरों में टिकटों का अधिकतम मूल्य 200 रूपये तय कर दिया है। साथ ही, प्राइम टाइम के दौरान मल्टीप्लेक्सों में कन्नड़ और क्षेत्रीय सिनेमा दिखाना अनिवार्य कर दिया है।
पाक सुरक्षा बलों द्वारा भारतीय सैनिकों के शवों के साथ की गई बर्बरता पर पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने मांग की है कि सेना को पाकिस्तान पर कार्रवाई के लिए खुली छूट दी जाए।
उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव से पहले भले ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठजोड़ हुआ हो, लेकिन अब दोनों के रास्ते अलग-अलग हो गए हैं। इस खबर की जानकारी देते हुए सपा-कांग्रेस गठबंधन की करारी हार के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस यूपी में होने वाले निकाय चुनाव अकेले लड़ेगी।
पुणे जिले के इंदापुर में नाव पलटने से चार डॉक्टरों की मौत हो गई है। जिस दौरान यह हादसा हुआ उस समय नाव में 10 डॉक्टर मौजूद थे। स्थानीय नागरिकों और मछुआरों की मदद से अभी तक सिर्फ एक डॉक्टर का शव निकाला जा सका है। अन्य तीन की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है।