देशद्रोह के आरोप में जेल में बंद कन्हैया की जमानत पर सुनवाई कर रहे दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिल्ली पुलिस को कल तक मामले की जांच की स्थिति रिपोर्ट अदालत में दायर करने को कहा है। अदालत में दिल्ली पुलिस ने कन्हैया की जमानत का विरोध किया।
कोटे की मांग को लेकर जारी जाटों के हिंसक प्रदर्शन पर हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने आज साफ तौर पर कहा कि भीड़ से बात नहीं की जा सकती और राज्य सरकार के साथ परस्पर संवाद के लिए उन्हें एक समिति गठित करनी चाहिए।
लाल बहादुर शास्त्री नेतृत्व के सूत्र पुस्तक का विमोचन जाने-माने समाजसेवी अण्णा हजारे ने किया। लाल बहादुर शास्त्री के बेटे अनिल शास्त्री और पवन चौधरी द्वारा लिखित पुस्तक के विमोचन अवसर पर हजारे ने कहा कि शास्त्री जी के पद्चिन्हों पर चलने के लिए युवाओं का आह्वान किया।
दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों की 8 दिनों से जारी हड़ताल को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज बंगलुरू में प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा पर जमकर हमला बोला। केजरीवाल ने एमसीडी को 550 करोड़ रुपये का लोन देने का एलान करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार एमसीडी कर्मियों को 31 जनवरी तक का वेतन देगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि हड़ताल की आड़ में भाजपा ने दिल्ली में कूड़ा फैलाया।
आरएसएस मुख्यालय के बाहर छात्रों के एक समूह पर पुलिसिया बर्बरता को लेकर समाज के विभिन्न तबके के लोगों के बीच व्याप्त क्षोभ के बीच उपराज्यपाल नजीब जंग ने दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के तलब कर घटना की जांच तत्परता से करने का आदेश दिया। वहीं दिल्ली पुलिस प्रमुख बी एस बस्सी अपनी टीम का बचाते नजर आए।
उच्चतम न्यायालय ने 2014 में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने पर संप्रग सरकार के कार्यकाल में नियुक्त उत्तराखंड और पुडुचेरी के राज्यपालों को बर्खास्त करने के मामलों में केंद्र सरकार से आज जवाब तलब करते हुए कहा, यह गंभीर मसला है। प्रधान न्यायाधीश तीरथ सिंह ठाकुर की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने तत्कालीन राज्यपाल अजीज कुरैशी और वीरेन्द्र कटारिया की याचिकाओं पर केंद्र से चार सप्ताह के भीतर जवाब तलब किया। इस मामले में अब 28 मार्च को अगली सुनवाई होगी।
हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री अनिल विज ने कहा कि 23 मार्च को सरदार भगत सिंह के शहीदी दिवस पर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की टेलीकाॅम इकाई रिलायंस जियो ने आज बड़ी धूमधाम से अपने कर्मचारियों के लिए 4जी सेवा की शुरुआत कर दी है। रिलायंस जियो की दस्तक को टेलीकाॅम जगत में बड़ी हलचल माना जा रहा है।
हरियाणा में स्वास्थ्य मंत्री अनिज विज के विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी चिकित्सा चूक सामने आई है। अंबाला में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद करीब 16 लोगों की आंख की रोशनी को पूर्ण या आंशिक तौर पर नुकसान पहुंचे का मामला सामने आया है। इस मामले की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अनिल विज इन पीड़ित मरीजों से जाकर मिले हैं।