धनबाद में कांग्रेस नेता और पूर्व उप महापौर नीरज सिंह पर हमलावरों ने दनादन 36 गोलियां दाग कर मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने स्पीड ब्रेकर का फायदा उठाते हुए गाड़ी के सामने से 26 गोलियां दागी। नीरज सामने की सीट पर ही बैठे थे और उन्हें 14 से ज्यादा गोलियां लगी। गोलीबारी के बाद परिजन नीरज सिंह को सेंट्रल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें दिवंगत घोषित कर दिया।
एक व्यवसायी से 25 लाख रुपये लूटने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) की युवा इकाई के एक नेता सहित छह युवक गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने इस खबर की पुष्टि की है।
गोवा चुनावों पर आलोचना का सामना कर रहे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि चुनाव से पहले गोवा फारवर्ड पार्टी के साथ गठबंधन का उनका प्रस्ताव उनकी ही पार्टी के नेताओं ने ही नकार दिया था। दिग्विजय गोवा में पार्टी के प्रभारी हैं। उन्होंने कहा कि गोवा फारवर्ड पार्टी के साथ गठबंधन हो जाता तो कांग्रेस को राज्य में बहुमत मिलता और अब इस मामले में उन्हें खलनायक बनाना ठीक नहीं है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता का चयन गुरुवार को नहीं हो सका। नेता प्रतिपक्ष चुनने के लिये समाजवादी पार्टी :सपा: अध्यक्ष अखिलेश यादव को अधिकृत किया गया है।
समाजवादी पार्टी भाजपा की ओर से सीएम चेहरा तय हो जाने के बाद विपक्ष के नेता का नाम तय करेगी। गुरुवार को पार्टी ने जीते हुए विधायकों के साथ बैठक में यह फैसला लिया। जीते हुए विधायकों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अधिकृत किया है कि वे जिसे चाहेंगे उसे विपक्ष का नेता बनाए।
सामूहिक बलात्कार के आरोपी सपा नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। प्रजापति ने अमेठी से सपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था पर हार गए थे। पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए देशबंधु अस्पताल ले गई है। आज ही उन्हें कोर्ट में भी पेश किया जाएगा। गायत्री पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एफआईआर दर्ज की गई थी।
सामूहिक बलात्कार के आरोप में वांछित सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक गायत्री प्रजापति के तीन साथियों को आज लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए तीनों व्यक्ति मामले में सहअारोपी हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह को आज पंजाब कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया। नेता चुने जाने के बाद उन्होंने राज्यपाल वीपी बदनोर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड में भाजपा की शानदार जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीबोन्मुख नीतियों को देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि जनता ने जाति, धर्म के बंधन से ऊपर उठकर विकास और विकासवादी सरकार के लिए वोट दिया है और मोदी देश के सबसे कद्दावर नेता के रूप में सामने आए हैं। शाह ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीबोन्मुख नीतियों पर जनता की मुहर है जिसके कारण उत्तरप्रदेश में भाजपा दो तिहाई बहुमत से जीत दर्ज कर रही है।