सिक्किम के नाथू-ला दर्रे से पास होने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा शुक्रवार को रद्द हो गई। कुछ दिन से सिक्किम में भारत-चीन के बीच सीमा विवाद चल रहा है जिसके चलते यह फैसला लिया गया है।
सीबीएसई अगले साल से दसवीं व 12वीं की परीक्षा मार्च की जगह फरवरी में कराएगी। कापी जांचने के काम में आ रहीं गड़बड़ियों की वजह से यह फैसला किया गया है। सीबीएसई इसमें सुधार लानी चाहती है। साथ ही परीक्षा 45 दिन की बजाय एक महीने में पूरे करा लेने की कोशिश की जाएगी।
बिहार के पूर्व मुख्यंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार के हर सदस्य पर मुसीबतें आती चली जा रही हैं। इस बार पेट्रोल पंप आवंटन को लेकर हुए विवाद के बाद भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) ने आज बिहार के स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव का आवंटन रद्द कर दिया है। हालांकि बीपीसीएल ने इस मामले में अभी तक आधिकारिक रुप से कुछ भी कहने से मना कर दिया है।
महाराष्ट्र सरकार और किसानों के बीच चल रही तकरार पर विराम लगता दिखाई दे रहा है। राज्य सरकार के द्वारा किसानों की कर्ज माफी की घोषणा के बाद किसानों ने 12 जून को निर्धारित विरोध प्रदर्शन को रद्द कर दिया है।
टीचर भर्ती घोटाले मामले में जेल की सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सिंह चौटाला आज एक बार फिर चर्चा में बने हुए हैं। यह काम कोई और नहीं बल्कि उनकी पढ़ाई को लेकर है। चौटाला ने जेल में रहते हुए 12वीं की परीक्षा पास कर ली है।