जीएसटी के सुचारू कार्यान्वयन के लिए 18 क्षेत्रीय (सेक्टरल) समूहों का गठन किया गया। इस समूह में अर्थव्यवस्था के विभिन्न सेक्टर (क्षेत्रों) के प्रतिनिधित्व के लिए केंद्र और राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों को रखा गया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी ने आज ललित मोदी के बेटे रुचिर मोदी को हराकर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पर अपनी जगह बना ली है। कुल 33 वोटों की गणना में सीपी जोशी को 19 जबकि रूचिर मोदी को कुल 14 वोट मिले।
आयकर विभाग ने आज उत्तर प्रदेश में छह शहरों के 15 इलाकों में छापेमारी की। विभाग ने कर चोरी के आरोपों में प्रदेश के दो आईएएस अफसरों सहित चार नौकरशाहों के परिसर पर छापेमारी की कार्रवाई की है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अखिलेश दास का हृदय घात होने से निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे, बुधवार सुबह लारी कार्डियोलॉजी में उन्होंने आखिरी सांसें ली। लम्बे समय से उन्हें शुगर की भी बीमारी थी। अखिलेश दास के निधन से उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके समर्थकों का घर के बाहर हुजूम लगा हुआ है।
दिल्ली भाजपा में उठापटक का दौर लगातार बना हुआ है। नगर निगम चुनाव के दौरान पार्टी को अंदरुनी कलह से बचाने की जिम्मेदारी संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे को दी गई है। जबकि दो वरिष्ठ नेताओं दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू व संगठन सचिव सिद्धार्थन को दरकिनार कर दिया गया है।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा का बुधवार को निधन हो गया। वह 92 साल के थे और कुछ समय से बीमार थे। भाजपा सूत्रों ने बताया कि उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है और उनकी कोई संतान नहीं थी।
वरिष्ठ पत्रकार दिलीप पड़गांवकर का निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे। पड़गांवकर जम्मू-कश्मीर के संबंध में तीन सदस्यीय वार्ता समूह के सदस्य भी थे।