पारंपरिक परिधानों में सजे हजारों भारतीयों ने विशाल परेड निकालकर न्यूयाॅॅर्क में भारत का 70वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। यह देश के बाहर निकाली गई अब तक की सबसे बड़ी परेडों में से एक है। इस मौके पर प्रतिष्ठित एम्पायर स्टेट इमारत तिरंगे जैसी रोशनी में नहाई हुूई थी।
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में देश-विदेश से आए मेहमान, कई धर्म गुरु और मंत्रियों ने विश्व रक्षाबंधन दिवस मनाया। इसके पीछे उद्देश्य इतना था कि यह पर्व लोगों के बीच एकता और भाईचारे को मजबूत कर सके।
पाकिस्तानी सांसदों की अधिकार प्राप्त समिति ने गिलगिट-बाल्टिस्तान में आम जनता पर हो रहे अत्याचार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों की पुष्टि की है। गिलगिट-बाल्टिस्तान के दौरे के बाद समिति के प्रमुख ताज हैदर ने कहा कि हालात उससे भी बदतर हैं, जितना हमने सुना था। समिति के दौरे के बाद अवामी एक्शन कमेटी ने गिलगिट-बाल्टिस्तान में अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया है। अवामी एक्शन कमेटी गिलगिट-बाल्टिस्तान के 23 धार्मिक और राजनीतिक दलों का संगठन है। जाहिर है अपने ही सांसदों की समिति ने गिलगिट-बाल्टिस्तान पर पाकिस्तान के मंसूबों को सार्वजनिक कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में न्यायाधीशों की नियुक्ति का उल्लेख नहीं होने को लेकर प्रधान न्यायाधीश टीएस ठाकुर द्वारा निराशा जताए जाने पर विपक्षी दलों ने भी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री को शीर्ष न्यायाधीश की सलाह पर ध्यान देना चाहिए।
बाॅलीवुड अभिनेता आमिर खान ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा कि महाराष्ट्र में पांच साल के भीतर पानी की कमी की समस्या सुलझाना उनका सपना है। उन्होंने कहा कि वह पूरी कोशिश करेंगे महाराष्ट्र में पानी की किल्लत की समस्या दूर हो।
योग गुरु बाबा रामदेव न्यूयॉर्क में भारत के स्वतंत्रता दिवस की परेड में विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाग लेंगे। बाबा रामदेव अमेरिका के अलावा कनाडा की भी यात्रा करेंगे। योग गुरू रामदेव 21 अगस्त को न्यूयार्क में होने वाली वार्षिक 70वीं स्वतंत्रता दिवस परेड में हिस्सा लेंगे और अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में योग शिविर आयोजित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त को लाल किले के प्राचीर से दिए गए संबोधन के एक दावे पर उसी गांव के लोग सवाल उठा रहे हैं जिस गांव का उल्लेख पीएम मोदी ने अपने भाषण में किया है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि आजादी के 70 साल बाद उत्तर प्रदेश के गांव नगला फतेला में उनकी सरकार ने बिजली पहुंचाई। गांव वालों ने खुद आगे आकर इस दावे को झूठ बताया है।
भारत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीसरे क्रिकेट टेस्ट में वेस्टइंडीज को हराकर 4 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। इस टेस्ट का एक पूरा दिन बारिश की भेंट चढ़ गया था लेकिन गेंदबाजी इकाई के दमदार प्रदर्शन से भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को उसकी दूसरी पारी में 47.3 ओवर में 108 रन के अंदर समेट दिया। उसे 87 ओवर में जीत के लिये 346 रन का लक्ष्य मिला था। दिलचस्प बात है कि पिछले 6 दशकों में यह पहली बार है जब भारत ने कैरेबियाई द्वीप में एक से ज्यादा टेस्ट मैच अपने नाम किया हो। भारत को इससे पहले पिछली तीन सीरीज में जीत 1971, 2006 और 2011 में 1-0 के अंतर से मिली थी।
पड़ोसी देश पाकिस्तान भी इन दिनों अपने स्वतंत्रता दिवस की सत्तरवीं वर्षगांठ के उत्साह में है। वहां यह जश्न हम से एक दिन पहले मनाया जाता है। हर बार की तरह इस बार भी पाकिस्तान में शहीदों को याद करते समय भगत सिंह की शान में भी खूब कसीदे पढ़े गए।