2002 के हिट एंड रन मामले में सलमान खान की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं। महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले में सलमान खान को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस की दो दिवसीय यात्रा पर आज रवाना हो गए। इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच पहले से ही मजबूत सामरिक साझेदारी को नई उंचाई पर ले जाना है।
जुवेनाइल जस्टिस बिल आज राज्यसभा में पारित हो गया। नए कानून के जरिये जघन्य अपराध में नाबालिग को पुन: परिभाषित किया गया है। इस कानून के तहत जघन्य अपराधों में शामिल 16 वर्ष से 18 वर्ष की आयु के नाबालिगों को भी वयस्क मानकर मुकदमा चलाया जाएगा।
डीडीसीए में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी द्वारा वित्त मंत्री के इस्तीफे की मांग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुण जेटली का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस उनपर फर्जी आरोप लगा रही है और वह उसी तरह बेदाग साबित होंगे, जैसे लालकृष्ण आडवाणी हवाला मामले में हुए थे।
सालाना 7 प्रतिशत की अनुमानित विकास दर से आगे बढ़ते भारत में अगले दस साल के दौरान विश्व की सबसे तेज विकसित अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता है। हार्वर्ड के शोधकर्ताओं के मुताबिक, भारत अगले दस साल में अपने दक्षिण एशियाई प्रतिद्वंद्वी चीन से आगे निकल जाएगा जहां की अर्थव्यवस्था लगातार सुस्त पड़ती जाएगी।
मुंबई के उपनगर कांदिवली में हुए दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने आज मृतका हेमा उपाध्याय के पति चिंतन उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया।चिंतन खुद भी एक कलाकार हैं और पिछले काफी समय से वह और हेमा एक दूसरे से अलग रह रहे थे।
केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली ने आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा आम आदमी पार्टी के पांच अन्य नेताओं के खिलाफ आज आपराधिक मानहानि की शिकायत दाखिल की है। अदालत ने उनकी इस शिकायत का संज्ञान ले लिया है। मामले की अगली सुनवाई पांच जनवरी को होगी।
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल संघ (फीफा) की एक अदालत ने सैप ब्लाटर और माइकल प्लातिनी को 20 लाख डॉलर के गबन का दोषी पाते हुए आज उन्हें आठ वर्षों के लिए प्रतिबंधित कर दिया। यह राशि यूरोपीय फुटबॉल के निलंबित प्रमुख को दी गई थी।
हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता निर्धारित करने के बाद राज्य सरकार अब नगर निगमों के चुनावों के लिए भी 12वीं तक की शिक्षा को अनिवार्य करने पर विचार कर रही है।