राज्यसभा में मनमोहन सिंह और कांग्रेस पर पीएम मोदी के रेनकोट वाले बयान को लेकर कांग्रेस भड़क गई है। बुधवार को संसद से वाकआउट के बाद राज्यसभा में गुरुवार को भी कांग्रेस ने इस मुद्दे को उठाया और पीएम मोदी से माफी मांगने की मांग की। इस मामले को लेकर सदन में खूब हंगामा हुआ। हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
तमिलनाडु में सियासी अनिश्चितता के बीच शशिकला ने बुधवार को मीटिंग के बाद 130 विधायकों को फाइव स्टार होटल भेज दिया है। पूर्व सीएम पन्नीरसेल्वम की बगावत के बाद अन्नाद्रमुक में फूट पड़ती दिख रही है। पार्टी चीफ शशिकला ने करीब 130 विधायकों को फाइव स्टार होटल भेज दिया है। ये सभी गवर्नर विद्यासागर राव के मुंबई से लौटने तक वहीं रहेंगे। गवर्नर तीन दिन से मुंबई में हैं। महाराष्ट के राज्यपाल चौधरी विद्यासागर राव जिनके पास तमिलनाडु का भी अतिरिक्त प्रभार है, बुधवार को भी मुंबई में ही रूके रहे। उनकी तरफ से ऐसा कोई संकेत भी नहीं आया कि वो कब चेन्नई जाएंगे।
राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के एक सदस्य ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र नजीब अहमद के लापता होने के पीछे राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए मांग की कि केंद्र सरकार को इस मामले की जांच सीबीआई या अन्य समुचित एजेंसी से करानी चाहिए। गौरतलब है कि नजीब 15 अक्तूबर से लापता है। एक रात पहले ही उसका परिसर में अभाविप सदस्यों के साथ कथित तौर पर विवाद हुआ था।
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चन्द्रबाबू नायडू और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक सहित कई नेताओं ने केन्द्रीय बजट को मिलाजुला बताते हुए कहा कि यह लोकलुभावन नहीं है हालांकि इससे विकास की संभावनाएं खुलेंगी।
सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई के संचालन के लिए पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक विनोद राय के नेतृत्व में आज चार सदस्यीय प्रशासनिक समिति नियुक्त की। इस समिति में इतिहासकार रामचंद्र गुहा, आईडीएफसी के अधिकारी विक्रम लिमये, महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान डायना एडुलजी भी शमिल हैं।
यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे मेघालय के राज्यपाल वी षण्मुगनाथन ने इस्तीफा दे दिया। दरअसल राजभवन के कर्मियों के एक समूह ने उन पर राज्यपाल के कार्यालय की गरिमा से गंभीर समझौता करने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाए जाने की मांग की थी जिसके बाद राज्यपाल ने इस्तीफा दिया।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 67 वर्षीय षण्मुगनाथन ने पद से इस्तीफा दे दिया है।
कश्मीर के गुरेज सेक्टर में हुए हिमस्खलन में लापता हुए चार सैनिकों के शव आज बरामद किए गए। हिमस्ख लन के बाद बर्फीले तूफान में अब तक 14 जवान शहीद हो गए हैं।
कश्मीर में नियंत्रण रेखा के निकट गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन से आज एक ही परिवार के चार सदस्यों की मृत्यु हो गई। वहीं, गांदेरबल जिले के सोनमर्ग क्षेत्रा में शिविर के निकट हुए हिमस्खलन के बाद सेना का एक अधिकारी लापता हो गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव दल मेजर रैंक के इस अधिकारी का पता लगाने में जुटे हुए हैं।