लखनऊ पुलिस ने पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी समेत 31 दलित कार्यकर्ताओं को आज हिरासत में ले लिया। आरोप है कि ये लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सभा करने जा रहे थे।
सिक्किम के नाथू-ला दर्रे से पास होने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा शुक्रवार को रद्द हो गई। कुछ दिन से सिक्किम में भारत-चीन के बीच सीमा विवाद चल रहा है जिसके चलते यह फैसला लिया गया है।
चीन ने कहा है कि जब तक भारत ‘चीनी क्षेत्र’ से अपने सैनिकों वापस नहीं बुला लेता तब तक कोई सार्थक बात नहीं होगी। सैनिकों की वापसी न होने पर सीमा पर मौजूदा तनाव और बढ़ेगा।
नेपाल में 28 जून को निगम चुनावों के चलते भारत नेपाल की सीमाएं 48 घंटे पहले सील कर दी गई हैं ताकि अंतरराष्ट्रीय सीमा में कोई असामाजिक तत्व प्रवेश कर माहौल न बिगाड़ पाए।
मेघालय में भाजपा के एक और नेता ने केंद्र सरकार के नए पशु वध और पशु बिक्री के नियमों के विरोध में इस्तीफा दे दिया है। नार्थ गारो हिल्स जिला के पार्टी अध्यक्ष बाचू माराक ने इस्तीफे की घोषणा के बाद कहा कि बीफ खाना उनकी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। चार दिन पहले वेस्ट गारो हिल्स जिले के अध्यक्ष बर्नाड माराक ने भी इसी मुद्दे पर पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था।
केरल में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गाय काटने का आरोप लगा है। केरल भाजपा अध्यक्ष राजशेखरन ने कल रात अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया जिसमें कुछ लोग पशु वध करते हुए दिख रहे हैं।
दिल्ली के चांदनी चौक मेन बाजार में सोमवार देर रात आग लग गई, जिससे वहां की करीब 150 दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग की घटना कटरा धुलिया बाजार की संकरी गलियों में घटित हुई। जहां दमकल की गाड़ियां भी मुश्किल से पहुंच सकीं। चूंकि इस इलाके के अधिकांश भाग में सिंथेटिक माल और लकड़ी का कारोबार होता है इसलिए आग बड़ी तेजी से फैलती चली गई। आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे का समय लगा।
भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद परेश रावल गहरे विवाद में फंसते दिख रहे हैं। दरअसल रविवार को उन्होंने एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा कि कश्मीर में किसी पत्थरबाज को सेना की जीप पर बांधने की जगह लेखिका अरुंधति राय को उस जीप पर बांधना चाहिए। परेश रावल के इस ट्वीट के बाद से ही सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर जवाब दिया है कि बेहतर होगा कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा-पीडीपी गठबंधन करवाने वाले को जीप पर बांधा जाए।