कर्नाटक कॉडर के आईएएस अनुराग तिवारी की संदिग्ध मौत मामले की जांच सीबीआई करेगी। मामले में लापरवाही बरतने के लिए पीसीआर से तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
केरल में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गाय काटने का आरोप लगा है। केरल भाजपा अध्यक्ष राजशेखरन ने कल रात अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया जिसमें कुछ लोग पशु वध करते हुए दिख रहे हैं।
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर लूट और हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक अपराधियों ने एक परिवार से लूटपाट की है। लूटपाट का विरोध करने पर एक व्यक्ति की हत्या भी कर दी गई।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज सहारनपुर के सब्बीरपुर गांव जाकर हिंसा पीड़ित दलित परिवारों से मिलीं। इस मौके पर उन्होंने केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार को दलित विरोधी बताते हुए स्थानीय प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। प्रशासन ने मायावती को हेलीकॉप्टर से सहारनपुर जाने की अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद वह सड़क मार्ग से सब्बीरपुर पहुंची।
आरजेडी के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह को विधायक की हत्या के मामले में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। झारखंड के हजारीबाग कोर्ट ने उन्हें विधायक अशोक सिंह की हत्या का दोषी पाया था।
महाराष्ट्र के उल्लासनगर में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार की घटना सामने आई है। मिठाई दुकान से चोरी के आरोप में पिछड़ी जाति के दो बच्चों को निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाया गया।
अटलांटा हवाई अड्डे पर 10 मई को रोके गए भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। 58 वर्षीय अतुल कुमार बाबूभाई पटेल को अटलांटा एयरपोर्ट पर अवैध आव्रजन के आरोप में रोक लिया गया था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक उनके पास इमिग्रेशन से जुड़े दस्तावेज नहीं थे।
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में हुई दो व्यापारियों से लूट और हत्या की घटना पर हत्यारों का अब तक सुराग नहीं मिला है। इसके विरोध में मथुरा के व्यापारियों ने बुधवार को बंद घोषित किया।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय की नो फ्लाई लिस्ट को लागू होते देखना लोगों के लिए काफी दिलचस्पी भरा है। अब गुजरात के उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल के बेटे को फ्लाइट में सवार नहीं होने दिया गया। सोमवार को ग्रीस जाने वाली फ्लाइट में उन्हें शराब पीने के आरोप में नहीं बैठने दिया गया।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने आज बिलकिस बानो केस में अपना निर्णय सुना दिया है। हाइकोर्ट ने निचली अदालत का फैसला बरकरार रखते हुए 11 आरोपियों की अपील को खारिज कर दिया।