प्रख्यात उद्योगपति रतन टाटा ने देश में कथित रूप से बढ रही असहिष्णुता पर चिंता व्यक्त की और कहा, असहिष्णुता एक अभिशाप है, जिसे हम पिछले कुछ दिनों से देख रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी में मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी विधान परिषद के सदस्य उदयवीर सिंह को पार्टी से छह सालों के लिए निष्कासित कर दिया गया है। इससे पहले अखिलेश के करीबी विधान परिषद के सदस्य सुनील साजन, आनंद भदौरिया और संजय लाठर को पार्टी से निकाला जा चुका है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और छत्तीसगढ़ के प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के कामकाज की आलोचना करके चर्चा में आए गुंडरदेही के विधायक आरके राय अब पूरी तरह खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि पार्टी आलाकमान मुझे निकाल दे इसका मुझे डर नहीं लेकिन मैं गधे को घोड़ा कभी नहीं कहूंगा।
पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए कई दावेदारों के बीच उत्तराखंड में भाजपा किसी चेहरे को पेश किए बिना विधानसभा चुनाव में उतर सकती है। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने देहरादून में संवाददाताओं से बातचीत में इस बाबत संकेत देते हुए कहा, हमने इस विषय में अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है और हम नहीं समझते कि यह जरूरी है।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीशचंद्र मिश्र ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को ब्राह्मण विरोधी बताया। उन्होंने कहा इन दोनों ने गुजरात में ब्राह्मणों का कत्लेआम कराया है। भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर काफी धन जुटाया है। जिसका वह आगामी चुनाव में भरपूर उपयोग करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के नाम पर भगवान याद आते हैं। घाटमपुर पर सतीशचंद्र मिश्र ब्राम्हण भाईचारा एकता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे थे।
अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी के प्रस्तावित म्यूजियम पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव आ गए हैं अब तो भाजपा को राम और अयोध्या याद आएंगे ही।
आम आदमी पार्टी की मुश्किलें दिनों दिन बढ़ती जा रही है। आप से निष्कासित विधायक देवेंद्र सहरावत ने अब अरविंद केजरीवाल एंड पार्टी पर चंदा घोटाले का आरोप लगाकर दिल्ली सरकार की नींंद हराम कर दी हैं। बिजवासन से विधायक देवेंद्र ने पार्टी पर 16 करोड़ रुपये से अधिक के चंदा घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह घोटाला सौ करोड़ रुपये का है, जिस पर वह जल्द सुबूत के साथ दोबारा प्रेस वार्ता करेंगे। सहरावत ने कहा कि चुनाव आयोग को चंदे के संबंध में गलत जानकारी दी गई है। दानकर्ताओं के नाम पता व पैन नंबर नहीं बताए गए हैंं।
जबरन वसूली के एक मामले के सिलसिले में आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली के विधायक और गुजरात के पार्टी मामलों के प्रभारी गुलाब सिंह ने आज सूरत पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ मामले में अदालत से गैर जमानती वारंटी जारी था।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर जनता को अच्छे दिनों के नाम पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की समाजवादी सरकार की योजनाएं केंद्र की योजनाओं से बेहतर हैं। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए भाजपा को अपनी केंद्र की सरकार और राज्य की सपा सरकार की योजनाओं की तुलना करने की चुनौती भी दे डाली।
सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय लेने को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी में घमासान छिड़ गया है। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर ने इस उपलब्धि का श्रेय आम जनता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खुद को देकर कांग्रेस को एक बार फिर उकसा दिया। कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा पर सेना के बलिदान का राजनीतिक लाभ उठाने के प्रयास आरोप लगा दिया। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।