चीन में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से 250 से अधिक लोगों के मरने की आशंका है। 132 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 120 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। वहीं मध्य हुबेई प्रांत में अब भी लगभग ढाई लाख लोग बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं।
ऐसा लगता है कि पूरा यूरोप इन दिनों हिंसक गतिविधियों से जूझ रहा है। फ्रांस, तुर्की, बेल्जियम और अब जर्मनी को हिंसा से जूझना पड़ रहा है। बीती रात जर्मनी के शहर म्यूनिख में एक बंदूकधारी ने एक शॉपिंग सेंटर में लोगों पर गोलीबारी कर दी जिसमें कम से कम छह लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। वैसे बाद में पुलिस ने कहा कि मरने वालों की संख्या नौ हो सकती है।
भारतीय सेना ने जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के काजीगुंड में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना पर गहरा अफसोस जताया जिसमें तीन व्यक्तियों की मौत हो गई थी। सेना ने इस घटना की जांच का भी आदेश दिया है।
अमेरिका के लुसियाना प्रांत के बैटन रूज में पुलिस पर गोलीबारी की घटना हुई है। गोलीबारी में तीन पुलिस अधिकारियों की गोली लगने से मौत हो गई है जबकि कई अन्य लोग जख्मी हुए हैं।
भारत के अनुभवी स्पिनर आर. अश्विन ने कहा कि उनकी टीम पहली पारी में वेस्टइंडीज पर भारी पड़ेगी और 21 जुलाई से शुरू हो रही चार टेस्ट मैचों की सीरीज जल्दी ही जीत लेगी।
हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी के सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के बाद भड़की हिंसा में कश्मीर लगातार उबल रहा है। घाटी में कर्फ्यू जैसी पाबंदी लागू है और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित बनी हुई हैं। हिंसक भीड़ और सुरक्षा बलों के बीच ताजा झड़पों में अब तक 24 लोगाें की मौत हो गई।
पहली बार सरकार भारत-पाकिस्तान सीमा पर, दूसरी ओर से होने वाली गोलीबारी के शिकार नागरिकों के परिजनों को उसी तरह से पांच लाख रूपये का मुआवजा देगी, जिस तरह का मुआवजा आतंकवाद या माओवादी हिंसा में मरने वालों के परिजनों को दिया जाता है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा पार से होने वाली गोलीबारी के पीड़ितों को मुआवजा देने का तथा आतंकवादी और माओवादी हिंसा के पीड़ितों को दी जाने वाली मुआवजा राशि तीन लाख रूपये से बढ़ा कर पांच लाख रूपये करने का फैसला किया है।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अनेक भागों में पिछले कुछ दिन से हो रही लगातार तेज बारिश से कई निचले स्थानों पर बाढ़ की स्थिति बन गई है। करीब आधे मध्यप्रदेश में तो पानी ही पानी हो गया है। कई नदियां उफान पर है। 16 जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वर्षा और बाढ़ से प्रदेश में अब तक 15 लोगों की मौत हुई है।
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश, बादल फटने और बाढ़ से अब तक 29 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। वहीं मरने वालों की तादाद और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पिथौरागढ़ से ही 11 लोगों के मरने की ख़बर है, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।