देश के विभिन्न हिस्सों में एक ओर जहां कर्ज माफी को लेकर किसान आंदोलित हो रहे हैं, तो वहीं इसी बीच वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि केंद्र इस मुद्दे पर किसानों की कोई मदद नहीं करेगा। रविवार को महाराष्ट्र सरकार ने किसानों का कर्ज माफ करने का फैसला किया है। वहीं, मध्यन प्रदेश में भी किसान अपनी तमाम मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
यूपी के बरेली में दर्दनाक हादसा हुआ। रविवार देर रात ट्रक व बस की भीषण टक्कर से दोनों में आग लग गई जिससे बस में सवार 22 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। करीब 15 बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
श्रीलंका में मूसलाधार बारिश के बाद आई भारी बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 91 लोगों के मरने जबकि 110 लोगों के लापता होने की खबर है। साल 1970 के बाद यह अब तक की सबसे भयानक प्राकृतिक आपदा है। श्रीलंका में तुरंत राहत पहुंचाने के लिए आईएनएस किर्च को कोलंबो की ओर रवाना कर दिया गया है।
उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक बस भागीरथी नदी में गिर गई, जिसमें 21 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि सात श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है। ये सभी श्रद्धालु गंगोत्री धाम से दर्शन करके लौट रहे थे। पीएम नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजन को 2 लाख और गंभीर रूप से जख्मी हुए लोगों को 50 हजार रुपये की मदद का एलान किया है।
वित्तमंत्री अरूण जेटली ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया है। केजरीवाल के वकील राम जेठमलानी ने जेटली को अदालत में ‘बदमाश’ कहा था जिसके बाद जेटली ने अतिरिक्त 10 करोड़ रूपये का मामला दर्ज कराया है।
जीएसटी काउंसिल ने जीएसटी के तहत 1211 वस्तुओं पर कर की दरें तय कर दी हैं। जीएसटी लागू होने के बाद रोजमर्रा के इस्तेमाल और आवश्यक वस्तुएं सस्ती होंगी। इसके तहत अनाज, गेहूं आटा, बेसन, मैदा, ब्रेड, दूध, दही, फल और सब्जियां सस्ती हो जाएंगी।