देश की 7 राष्ट्रीय पार्टियों को वर्ष 2015-16 में 20,000 रुपये से अधिक की लिमिट में 102 करोड़ का चंदा मिला है। 1,744 चंदे से यह राशि मिली है। सबसे अधिक चंदा भाजपा को मिला है। 613 दानदाताओं ने भाजपा को कुल 76 करोड़ रुपये चंदा दिया है।
विमुद्रीकरण के बाद ओडिशा में धान फसल की कटाई के साथ ही पुराने दिनों की श्रम अदलाबदली की परंपरा बदलिया भी फिर से शुरू हो गयी है। बदलिया एक-दूसरे के खेतों में मजदूरी के बदले मजदूरी करने की परंपरा है, जिससे ओडिशा के तटीय जिलों के कुछ हिस्सों में सुधार के संकेत दिखने लगे हैं।
तमिलनाडु पुलिस ने सेेलम में भाजपा के एक स्थानीय नेता के पास से 20.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। कुमारसामी पट़टी में चेकिंग के दौरान भाजपा नेता के वाहन की चेकिंग की गई तो 2000 रुपए के 926 नोट बरामद हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने शनिवार को ये राशि जब्त की।
जेएनयू के लापता छात्र नजीब अहमद की गुमशुदगी के मामले में दायर की गई याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने पुलिस से कई तीखे सवाल पूछे। न्यायलय ने पुलिस को तमाम राजनीतिक अवराधों से निकलकर नजीब की तलाश करने का निर्देश देते हुए कहा कि उसके लापता होने में कुछ और हो सकता है क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी के बीच से कोई इस तरह ओझल नहीं हो सकता।
पंजाब की नाभा जेल में सुरक्षा व्यवस्था तार तार होने का मामला सामने आया है। जेल में कुछ हथियारबंद लोगों ने घुसकर दो आतंकी और एक गैंगस्टर सहित छह कैदियों को भगा दिया है।
हैदराबाद में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो नकली नोट छापने का काम करते थे। इन लोगों के पास से हाल ही में जारी हुए 2000 रुपए के 105 नकली नोट पकड़े हैं। इस गिरोह के पास से पुलिस ने कुल 2,22,310 रुपए के नकली नोट पकड़े हैं, जिसमें 2,10,000 रुपए के नोट सिर्फ 2000 रुपए के हैं। बचे हुए नोट 100 रुपए, 50 रुपए, 20 रुपए और 10 रुपए के हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव के तहत विस्कॉन्सिन प्रांत में पड़े मतों की गणना फिर से की जाएगी। इसको लेकर तीसरी पार्टी के उम्मीदवार की ओर से दो आवेदन मिले थे, जिन्होंने रूसी हैकरों द्वारा मतदाता प्रणाली में घुसपैठ करने की आशंका प्रकट की है।
अंपायरों का फैसला समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) में पगबाधा का निर्णय करना पिछले कुछ समय से चर्चा का विषय बना हुआ है लेकिन भारतीय कप्तान विराट कोहली इस तकनीक के मौजूदा फार्म से खुश हैं।
मशहूर शायर और पूर्व सांसद जावेद अख्तर ने कहा है कि तीन तलाक की प्रथा तुरंत बंद होनी चाहिए और समान नागरिक संहिता के बारे में सरकार को ड्राफ्ट तैयार कर उसे लोगों के सामने लाकर बहस करानी चाहिए।