देशभर में एक ओर मोदी सरकार लाल बत्ती हटाकर वीआईपी कल्चर को खत्म कर रही है वहीं दूसरी तरफ उसके कुछ नेताओं की दादागिरी भी आए दिन सामने आ रही है। ताजा मामला सीतापुर के भाजपा विधायक का है। विधायक राकेश राठौर ने कुछ विलंब होने की वजह से टोल प्लाजा कर्मियों को चांटा रसीद कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने अन्नाद्रमुक नेता टीटीवी दिनकरन के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। उन पर चुनाव आयोग के एक अधिकारी को घूस देने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि यह कदम दिनकरन के एनआरआई होने और विदेश फरार हो सकने की जानकारी सामने आने के बाद उठाया गया है।
कहावत है जब जहाज डूबता है तो सभी साथ छोडक़र भागने लगते हैं। कुछ इसी तरह का आलम दिल्ली कांग्रेस पार्टी का हो गया है। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री व पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के पार्टी छोड़ने के बाद अब कई और बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने की चर्चा है। बताया जाता है कि इन नेताओं का कार्यक्रम अभी गुप्त रखा गया है और यह नेता भाजपा आलाकमान के संपर्क में हैं।
माओवादी नेता नारायण सान्याल का निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक 83 साल के नारायण सान्याल पिछले कुछ समय से कैंसर के कारण कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती थे। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
भाजपा ने नरेला से निगम चुनाव की अपनी उम्मीदवार सविता खत्री को कथित तौर पर दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री संदीप कुमार के प्रचार के आरोप के बाद पार्टी से निकाल दिया है। इससे पहले संदीप कुमार के प्रचार में शामिल होने से भाजपा ने इनकार किया था लेकिन वीडियो वायरल होने के चलते भाजपा को यह फैसला लेना पड़ा है।
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री व पूर्व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा दिल्ली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित मलिक भी भाजपा में शामिल हुए हैं। पिछले चार महीने के दौरान यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष रीता बहुगुणा व उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य भी भाजपा में शामिल हुए थे।
तीन तलाक की व्यवस्था बरकरार रखने के आल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड के स्पष्ट रुख के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि देश का राजनीतिक क्षितिज इस मसले को लेकर मौन बना हुआ है। इससे पूरी व्यवस्था कठघरे में खड़ी हो गयी है और अपराधियों तथा उनके सहयोगियों के साथ-साथ इस मामले पर खामोश रहने वाले लोग भी इसके दोषी हैं। योगी आदित्यनाथ ने तीन तलाक को द्रौपदी के चीरहरण के समान बताया।
विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने गठबंधन के सहारे मैदान में उतरने का मन बना लिया है। आज लखनऊ में वे पार्टी नेताओं के साथ समीक्षा बैठक कर रही हैं। इस बैठक में गठबंधन को लेकर पार्टी की भावी रणनीति की दिशा तय हो सकती है।